मां बनने के बाद कैटरीना का कमबैक! क्या ‘चांदनी बार 2’ होगी अगली फिल्म?

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ पिछले काफी समय से बड़े पर्दे से दूर हैं। उनकी आखिरी फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई थी, जिसके बाद से फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में मां बनने के बाद कैटरीना अपना पूरा समय परिवार और पेरेंटहुड को दे रही हैं, लेकिन इसी बीच उनके अगले प्रोजेक्ट को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैटरीना कैफ का नाम फिल्म ‘चांदनी बार 2’ से जोड़ा जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म के लिए मेकर्स उनसे बातचीत कर रहे हैं और उन्हें लीड रोल के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि फिल्म का निर्देशन अजय बहल कर सकते हैं। वहीं, चर्चा यह भी है कि पहली फिल्म में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली तब्बू भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो दर्शकों को पुराने और नए दौर का दिलचस्प मेल देखने को मिल सकता है।

कुछ समय पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि कैटरीना डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वापसी की तैयारी कर रही हैं और कई स्क्रिप्ट्स पर विचार कर रही हैं। हालांकि उनकी टीम ने इन दावों को खारिज कर दिया था। इसके बावजूद उनके कमबैक को लेकर अटकलों का दौर लगातार जारी है।

गौरतलब है कि साल 2001 में रिलीज हुई ‘चांदनी बार’ ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीता था। मधुर भंडारकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने मुंबई के अंडरवर्ल्ड, डांस बार और समाज के अंधेरे पहलुओं को बड़े पर्दे पर दिखाया था। फिल्म को चार राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले थे।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कैटरीना कैफ अपनी वापसी के लिए किस प्रोजेक्ट को चुनती हैं और क्या वास्तव में ‘चांदनी बार 2’ उनके करियर की अगली बड़ी फिल्म साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *