डिजिटल डेस्क- मुंडाली थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में हुए 7 महीने के मासूम रुद्रांश हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई चौंकाने वाले और दिल दहला देने वाले खुलासे हुए हैं। शुरुआत में जिस मौत को बीमारी का नाम देकर ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की गई थी, वह असल में एक मां के नाजायज प्रेम प्रसंग और खौफनाक साजिश का नतीजा निकली। पुलिस द्वारा कब्र से शव निकालकर कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने कलयुगी मां मीनाक्षी के सारे झूठ को बेनकाब कर दिया है। अदालत और पुलिस की मौजूदगी में कब्र से निकाले गए मासूम रुद्रांश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही जांच अधिकारियों के भी होश उड़ गए। रिपोर्ट में साफ हुआ है कि बच्चे की प्राकृतिक मृत्यु नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, रुद्रांश की मौत का मुख्य कारण गला दबाए जाने की वजह से दम घुटना (Asphyxia due to strangulation) पाया गया है। पोस्टमार्टम में बच्चे के गले और उसके आसपास कड़े हाथों से दबाए जाने के निशान मिले हैं, जो यह साबित करते हैं कि मीनाक्षी ने बेहद बेरहमी से अपने ही कलेजे के टुकड़े का गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें हमेशा के लिए थम नहीं गईं।
जांच में परत-दर-परत खुली साजिश की कहानी
पुलिस की तफ्तीश और आरोपी मां से हुई कड़ाई से पूछताछ में इस हत्याकांड के पीछे की पूरी क्रोनोलॉजी सामने आई है। मीनाक्षी का दिल्ली के रहने वाले मोहित नाम के युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर जीने-मरने की कसमें खाई जा रही थीं। जब पति अमित तोमर और परिवार के अन्य लोगों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो घर में अनबन शुरू हो गई। अपने प्रेम प्रसंग का पूरी तरह खुलासा होने के डर और पति व ससुराल वालों की सहानुभूति बटोरने के लिए मीनाक्षी ने एक तीर से दो निशाने लगाने की सोची। उसने सोचा कि बच्चे की मौत के बाद परिवार का ध्यान भटक जाएगा और उसे हमदर्दी भी मिलेगी। इसी सनक में आकर 30 मई को उसने खौफनाक कदम उठा लिया और पति को फोन कर बच्चे की बीमारी से मौत होने का झूठा नाटक रचा।
बेनकाब हुआ कातिल मां का सामान्य व्यवहार
मासूम को दफनाने के बाद जहां पूरा परिवार रुआंसा था, वहीं मीनाक्षी का व्यवहार सामान्य था, जो उसके पति अमित को खटक रहा था। अमित ने जब पत्नी का मोबाइल चेक किया तो उसमें प्रेमी मोहित के साथ चैट देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सख्ती से पूछने और शव का पोस्टमार्टम कराने की बात पर मीनाक्षी टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।