सलमान नहीं, आमिर खान ने कराई थी रणवीर-फरहान में सुलह की कोशिश, फिर भी नहीं सुलझा विवाद

KNEWS DESK – फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ लंबे समय से विवादों में घिरी हुई है। फिल्म से जुड़े मतभेदों और देरी को लेकर लगातार नई-नई बातें सामने आ रही हैं। अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है, जिसमें बताया गया है कि बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने भी विवाद सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी पहल भी सफल नहीं हो पाई।

दरअसल, फिल्म को लेकर यह चर्चा थी कि सलमान खान ने रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच मध्यस्थता की थी। हालांकि बाद में यह दावा गलत साबित हुआ। अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने बताया है कि सलमान नहीं, बल्कि आमिर खान उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का प्रयास किया था।

अशोक पंडित के मुताबिक, मामला FWICE तक पहुंचने से पहले ही इंडस्ट्री के कई लोगों ने इसे सुलझाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि आमिर खान भी इस विवाद को खत्म करने के प्रयासों का हिस्सा थे, लेकिन कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल सका।

उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के निर्माताओं ने FWICE से शिकायत करते हुए दावा किया था कि प्रोजेक्ट के प्री-प्रोडक्शन पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे। शूटिंग शुरू होने में सिर्फ कुछ सप्ताह बाकी थे, तभी कथित तौर पर फिल्म के मुख्य अभिनेता ने प्रोजेक्ट से दूरी बना ली। इससे निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

अशोक पंडित ने कहा कि FWICE ने रणवीर सिंह से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की थी। इसके लिए कई बार नोटिस और रिमाइंडर भी भेजे गए, लेकिन लंबे समय तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अगर किसी कलाकार की सहमति के आधार पर प्रोडक्शन हाउस करोड़ों रुपये निवेश कर चुका है, तो नुकसान की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

फिलहाल ‘डॉन 3’ का भविष्य क्या होगा, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। हालांकि इस विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में कॉन्ट्रैक्ट, प्रोफेशनल कमिटमेंट और बड़े बजट की फिल्मों से जुड़े जोखिमों पर नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *