KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी ने शहर की जनसमस्याओं और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी कर ली है। पार्टी 16 जून से कानपुर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) संदेश यात्रा निकालेगी। इस अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को उठाया जाएगा और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण किया जाएगा।
शनिवार को नवीन मार्केट स्थित सपा कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने यात्रा की रूपरेखा तय की। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पेयजल संकट, टूटी सड़कों, बिजली कटौती, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सपा के 1625 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) शहर की पांचों विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन अभियान की रिपोर्ट 15 जून तक तैयार कर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
बैठक में विधानसभा अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और जोनल प्रभारियों ने भाग लिया। संचालन वरिष्ठ महानगर उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। इस दौरान महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, आनंद शुक्ला, परमवीर गंभीर, फखरे आलम, रजत मिश्रा, सौरभ सिंह, दीपा यादव और खालिद रजा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं समाजवादी छात्र सभा में भी संगठनात्मक बदलाव किया गया है। छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान ने पार्टी नेता अरविंद यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें बधाई दी। अरविंद यादव इससे पहले भी संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों और महानगर इकाइयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
सपा नेताओं का कहना है कि पीडीए संदेश यात्रा के माध्यम से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिए जनसमर्थन को और मजबूत किया जाएगा।