‘पेद्दी’ के लिए छुट्टी ली, 6300 KM दूर से भारत पहुंचीं फीमेल फैंस, राम चरण का दिखा ग्लोबल जलवा

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार राम चरण की लोकप्रियता अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रह गई है। दुनियाभर में उनके फैंस मौजूद हैं और खासतौर पर जापान में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग देखने को मिलती है। फिल्म RRR की ऐतिहासिक सफलता के बाद जापानी दर्शकों के बीच राम चरण की लोकप्रियता कई गुना बढ़ गई थी। अब उनकी नई फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर भी वैसा ही उत्साह देखने को मिल रहा है।

हाल ही में रिलीज हुई ‘पेद्दी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच ऐसा जुनून देखने को मिला कि कुछ प्रशंसक सिर्फ इस फिल्म को देखने के लिए जापान से भारत पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दो जापानी फैंस थिएटर के बाहर अपनी खुशी जाहिर करते नजर आए।

बताया जा रहा है कि जापान के टोक्यो शहर से आए इन फैंस ने फिल्म देखने के लिए अपने ऑफिस से पांच दिन की छुट्टी ली। वे फिल्म की रिलीज से पहले ही हैदराबाद पहुंच गए थे ताकि पहले दिन बड़े पर्दे पर अपने पसंदीदा स्टार की फिल्म का आनंद ले सकें।

फिल्म देखने के बाद दोनों प्रशंसकों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें ‘पेद्दी’ बेहद पसंद आई। उन्होंने फिल्म के गानों और राम चरण की परफॉर्मेंस की भी जमकर तारीफ की। बातचीत के दौरान वे फिल्म के लोकप्रिय गाने गुनगुनाते हुए भी नजर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि वे अपने प्रवास के दौरान फिल्म को कई बार देखने की योजना बना रहे हैं।

राम चरण के लिए यह प्यार इस बात का सबूत है कि उनकी स्टारडम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुकी है। जापान में RRR के बाद उनके फैन बेस में बड़ी बढ़ोतरी हुई है और ‘पेद्दी’ को लेकर भी वहीं उत्साह दिखाई दे रहा है।

फिल्म की बात करें तो ‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने दमदार प्रदर्शन किया है। शुरुआती दो दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 150 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म तेजी से 100 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ‘पेद्दी’ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *