क्या T20 टीम से बाहर होंगे हार्दिक पंड्या? सामने आई बड़ी वजह…

KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को जीत दिलाने वाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के टी20 टीम से बाहर होने की चर्चा तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन 6 जून को होने की संभावना है, लेकिन इन सीरीज में हार्दिक पंड्या के शामिल होने के आसार कम बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, चयनकर्ताओं की रणनीति हार्दिक पंड्या को लेकर पूरी तरह वनडे फॉर्मेट पर केंद्रित है। भारत को 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेलना है, जो साउथ अफ्रीका की तेज और उछाल भरी पिचों पर होगा। ऐसे में टीम मैनेजमेंट चाहता है कि हार्दिक जैसे अनुभवी ऑलराउंडर को लंबे फॉर्मेट के लिए पूरी तरह फिट और तैयार रखा जाए।

हार्दिक पंड्या को हाल के वर्षों में लगातार चोटों से जूझना पड़ा है। IPL 2026 के दौरान भी उन्हें बैक स्पाज्म की समस्या हुई थी, जिसके कारण उन्हें कई मैच मिस करने पड़े। इससे पहले भी वे एशिया कप 2025 के बीच में चोट के चलते बाहर हो गए थे और बाद में ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर रहे।

हालांकि चोटों के बावजूद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हार्दिक का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 9 मैचों में 217 रन बनाए और 9 विकेट लेकर टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने भारत को ट्रॉफी जिताने में बड़ा योगदान दिया।

अब चयनकर्ताओं की प्राथमिकता उन्हें टी20 के लगातार दबाव से दूर रखकर वनडे क्रिकेट के लिए तैयार करना है। माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्हें आगामी टी20 सीरीज से आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह शिवम दुबे और नितीश रेड्डी जैसे युवा ऑलराउंडरों को मौका मिल सकता है।

फिलहाल हार्दिक पंड्या रिकवरी मोड में हैं और टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रख रहा है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि वह टी20 टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं, लेकिन अभी के संकेत उनके भविष्य को वनडे क्रिकेट की ओर ज्यादा झुका रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *