Knews Desk- रणवीर सिंह और फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की पूरी योजना करीब 32 महीनों तक रणवीर सिंह को केंद्र में रखकर तैयार की गई थी। ऐसे में अभिनेता के अचानक प्रोजेक्ट से अलग होने के फैसले ने इंडस्ट्री में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने साल 2023 में रणवीर सिंह को नए ‘डॉन’ के रूप में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी थी। फिल्म के फर्स्ट-लुक वीडियो से लेकर प्रमोशनल रणनीति और आगे की योजना तक, सब कुछ रणवीर सिंह को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि फिल्म की स्क्रिप्ट, शेड्यूल, लुक टेस्ट, कॉस्ट्यूम ट्रायल और एक्शन ट्रेनिंग जैसे कई चरण पूरे किए जा चुके थे।
बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होनी थी और इसके लिए प्रोडक्शन टीम ने व्यापक तैयारियां भी कर ली थीं। रणवीर सिंह ने कथित तौर पर एक्शन ट्रेनिंग में भी हिस्सा लिया था, जिसके बाद प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहा था। हालांकि बाद में अभिनेता के फिल्म से अलग होने की खबर सामने आई, जिससे पूरी योजना प्रभावित हुई।
इसी विवाद के चलते निर्माता पक्ष और रणवीर सिंह के बीच मतभेद बढ़े। मामला इतना आगे बढ़ा कि फिल्म इंडस्ट्री की संस्था FWICE ने अभिनेता के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी कर दिया था। बाद में रणवीर सिंह ने कानूनी नोटिस भेजा, जिसके बाद मध्यस्थता के जरिए यह निर्देश वापस ले लिया गया।
फिलहाल ‘डॉन 3’ का भविष्य और नई कास्टिंग को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। वहीं रणवीर सिंह के इस फैसले को लेकर बॉलीवुड में बहस जारी है कि आखिर इतने लंबे समय तक तैयारी के बाद अभिनेता ने प्रोजेक्ट से दूरी क्यों बनाई।