KNEWS DESK- NEET UG पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की न्यायिक हिरासत एक बार फिर बढ़ा दी गई है। मंगलवार (2 जून) को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों को पेश किया गया, जहां अदालत ने उनकी हिरासत 15 जून तक बढ़ाने का आदेश दिया।
इस दौरान एक आरोपी यश यादव ने कोर्ट में आवेदन देकर परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें रखने की अनुमति मांगी। यश का कहना है कि उसे आगामी 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा में शामिल होना है, जिसके लिए उसे अध्ययन सामग्री की आवश्यकता है।
सुनवाई के दौरान मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव और धनंजय लोखंडे को न्यायिक हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने सभी आरोपियों की हिरासत अवधि को आगे बढ़ा दिया।
आरोपी यश यादव ने अदालत से अनुरोध किया है कि उसे परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें और अध्ययन सामग्री रखने की अनुमति दी जाए। उसका कहना है कि वह परीक्षा देना चाहता है और इसके लिए तैयारी जरूरी है। हालांकि, इस पर अदालत की ओर से कोई तत्काल निर्णय सामने नहीं आया है और मामला विचाराधीन है।
NEET UG पेपर लीक मामले की जांच जारी है और कई स्तरों पर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले की सुनवाई नियमित रूप से आगे बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।