IPL 2026 Awards: वैभव सूर्यवंशी का जलवा, 5 बड़े अवॉर्ड जीतकर बनाया इतिहास, कार से लेकर लाखों रुपये तक की बरसात

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 का सीजन खत्म हो चुका है, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है। अपने विस्फोटक प्रदर्शन से उन्होंने न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़े बल्कि अवॉर्ड नाइट में भी ऐसा दबदबा बनाया कि पूरी स्पॉटलाइट उन्हीं पर टिक गई।

पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक ही सीजन में पांच बड़े इंडिविजुअल अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। वह आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

अवार्ड्स नाइट में वैभव सूर्यवंशी को सबसे पहले ऑरेंज कैप से सम्मानित किया गया, जिसके तहत उन्हें 776 रन बनाने के लिए 10 लाख रुपये मिले। इसके बाद उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का अवॉर्ड भी दिया गया, जिसके लिए 15 लाख रुपये का इनाम मिला। इसके अलावा उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का खिताब भी मिला, जिसमें 10 लाख रुपये और ट्रॉफी शामिल रही।

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में कुल 72 छक्के लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें सुपर सिक्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिसमें 10 लाख रुपये दिए गए।

सीजन में सबसे तेज और खतरनाक स्ट्राइक रेट से रन बनाने के लिए वैभव को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन चुना गया। इस खास उपलब्धि के लिए उन्हें टाटा सिएरा कार (Tata Sierra) इनाम में दी गई। पिछले सीजन में इसी श्रेणी में उन्हें टाटा कर्व कार (Tata Curvv) मिली थी।

भले ही राजस्थान रॉयल्स खिताब जीतने से चूक गई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से पूरे टूर्नामेंट पर गहरी छाप छोड़ी। वह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी भी बने। इसके अलावा वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में और सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए।

आईपीएल 2026 ने वैभव सूर्यवंशी को एक नए सुपरस्टार के रूप में स्थापित कर दिया है। उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और आने वाले वर्षों में वह और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *