KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर निगम की बड़ी लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परीक्षा केंद्र के बाहर अचानक नाले की जर्जर स्लैब ढह गई और करीब 15-20 परीक्षार्थी सीवर के गंदे पानी और कीचड़ में गिर पड़े।
यह घटना कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मकरवर्ट गंज इलाके में स्थित एचएन मिश्रा स्कूल परीक्षा केंद्र के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र के गेट पर दस्तावेजों की फोटोकॉपी की मांग के चलते अभ्यर्थियों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने आए छात्र और उनके साथ मौजूद अभिभावक पास ही एक दुकान पर फोटोकॉपी कराने के लिए अचानक जुट गए। इसी दौरान नाले के ऊपर बनी पुरानी और जर्जर स्लैब पर अत्यधिक दबाव पड़ गया।
देखते ही देखते स्लैब भरभराकर टूट गई और वहां खड़े लगभग 15-20 परीक्षार्थी सीधे नाले में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
इस हादसे में कई छात्रों को लोहे की सरियों से चोटें और खरोंचें आईं। हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। कीचड़ और गंदे पानी में डूबे कई अभ्यर्थियों ने किसी तरह खुद को साफ किया और कपड़े बदलकर परीक्षा में हिस्सा लिया।
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सीसामऊ नाले की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी नगर निगम की है, लेकिन लंबे समय से जर्जर स्लैब की मरम्मत नहीं की गई थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते मरम्मत की गई होती तो यह बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
हैरानी की बात यह रही कि इस गंभीर हादसे के बाद भी न तो नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही जिला प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने आई। फिलहाल इस घटना ने शहर में बुनियादी ढांचे की हालत और प्रशासनिक लापरवाही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।