राहुल गांधी ने की वेदांत से मुलाकात, CBSE विवाद पर ट्रोलिंग को लेकर उठाए सवाल

Knews Desk- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में सीबीएसई (CBSE) की उत्तरपुस्तिका विवाद को लेकर चर्चा में आए छात्र वेदांत श्रीवास्तव से मुलाकात की। वेदांत वही छात्र हैं जिन्होंने सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। उनका दावा था कि उन्हें अपनी वास्तविक उत्तरपुस्तिका के बजाय किसी दूसरे छात्र की आंसर शीट उपलब्ध कराई गई थी। इस मामले ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था।

राहुल गांधी ने वेदांत और कुछ अन्य छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुलाकात के दौरान छात्रों ने बताया कि जब उन्होंने परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों पर सवाल उठाए, तो उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। वेदांत ने कहा कि उन्हें ‘देशद्रोही’, ‘पाकिस्तानी’ और ‘डीप स्टेट एजेंट’ जैसे अपमानजनक शब्दों से निशाना बनाया गया।

राहुल गांधी ने इस तरह की ट्रोलिंग की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों द्वारा अपनी समस्या उठाना गलत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाया और तंज कसते हुए छात्रों को “राष्ट्र-विरोधी सोरोस एजेंट” कहे जाने पर प्रतिक्रिया दी। राहुल ने कहा कि देश के युवा सिर्फ अपनी पढ़ाई और भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन उन्हें जवाब देने के बजाय अपमानित किया जा रहा है।

सीबीएसई के OSM सिस्टम को लेकर हाल के दिनों में कई छात्रों ने मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिकाओं में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राहुल गांधी लगातार परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि सीबीएसई ने आरोपों को भ्रामक बताते हुए अपनी प्रक्रिया का बचाव किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *