गोल्ड मेडल जीतने के दो दिन बाद पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, दोस्त ही निकला कातिल

KNEWS DESK- देश के उभरते हुए पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रहे 24 वर्षीय खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को उनके ही पुराने दोस्त और साथी पैरा खिलाड़ी यश खटीक ने अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए इसके पीछे पुराने विवाद और व्यक्तिगत रंजिश को वजह बताया है।

जांच में पता चला है कि चिराग त्यागी और यश खटीक लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों ने स्कूल के दिनों में ब्लाइंड कैटेगरी में एथलेटिक्स की ट्रेनिंग साथ की थी। पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले एक प्रतियोगिता के दौरान दस्तावेजों की जांच में चिराग द्वारा की गई शिकायत के बाद यश का क्वालिफिकेशन रद्द हो गया था।

आरोपी का दावा है कि इसी घटना के बाद उसके मन में चिराग के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। उसने बदला लेने की योजना बनाई और मौका मिलने पर कथित तौर पर बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी।

गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव निवासी चिराग त्यागी हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर चर्चा में आए थे। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था।

इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए भी हुआ था। परिवार और खेल जगत उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर उत्साहित था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

बुधवार सुबह चिराग अपने घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे। कई घंटों तक संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। इसी बीच पुलिस को साईं कुंज क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान चिराग त्यागी के रूप में की। शुरुआती दौर से ही परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी और मामले की गहन जांच की मांग की थी।

गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, आरोपी यश खटीक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस अपराध में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चिराग त्यागी की मौत से खेल जगत और उनके समर्थकों में गहरा दुख है। एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी, जिसने हाल ही में देश के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की थी, उसका इस तरह असमय दुनिया से चले जाना सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि जांच कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और दोषियों को कब तक न्याय के कटघरे में लाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *