बारिश से धुला IPL 2026 फाइनल तो किसे मिलेगा खिताब? जानिए नियम…

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब बेहद करीब है। 31 मई को खेले जाने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। जहां RCB ने क्वालिफायर-1 में शानदार जीत के साथ सीधे फाइनल में जगह बनाई, वहीं गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में दमदार वापसी करते हुए खिताबी मुकाबले में एंट्री की।

लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले फैंस के मन में एक बड़ा सवाल है—अगर बारिश ने फाइनल बिगाड़ दिया तो क्या होगा? क्या ट्रॉफी दोनों टीमों में बांटी जाएगी या फिर कोई एक विजेता चुना जाएगा?

IPL के नियमों के अनुसार, अगर फाइनल मैच बारिश की वजह से प्रभावित होता है तो सबसे पहले रिजर्व डे का प्रावधान लागू होता है। यानी अगर 31 मई को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो मुकाबला अगले दिन (1 जून) वहीं से आगे बढ़ाया जाएगा जहां खेल रुका था।

अगर रिजर्व डे पर भी मौसम खराब रहता है, तो अंपायर और मैच रेफरी कोशिश करते हैं कि मैच को छोटा करके पूरा कराया जाए। नियमों के मुताबिक, परिणाम निकालने के लिए कम से कम 5-5 ओवर का मैच होना जरूरी है। अगर इतना खेल संभव हो पाता है, तो DLS (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) नियम के आधार पर विजेता तय किया जाएगा।

अगर दोनों दिन—31 मई और 1 जून—को एक भी वैध मैच (न 20 ओवर और न 5-5 ओवर) नहीं हो पाता, तो ट्रॉफी साझा नहीं की जाती। IPL नियमों के अनुसार ऐसी स्थिति में लीग स्टेज की पॉइंट्स टेबल को आधार बनाया जाता है।

लीग स्टेज खत्म होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) +0.783 के बेहतरीन नेट रन रेट के साथ टेबल में टॉप पर रही थी। ऐसे में अगर फाइनल पूरी तरह धुल जाता है, तो नियमों के अनुसार RCB को IPL 2026 का विजेता घोषित किया जाएगा

मौसम रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 मई से गुजरात में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है और कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। हालांकि अहमदाबाद में 31 मई की शाम मौसम काफी हद तक साफ रहने की उम्मीद है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार, उस दिन बारिश की संभावना सिर्फ 2% है और आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। यानी फाइनल के लिए मौसम फिलहाल काफी हद तक अनुकूल माना जा रहा है।

हालांकि मौसम का साया हमेशा बड़ा फैक्टर रहता है, लेकिन मौजूदा हालात फैंस के लिए राहत भरे हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या RCB पहली बार ट्रॉफी उठाएगी या गुजरात टाइटंस एक और इतिहास रचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *