CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, NEET री-एग्जाम देने वालों को मिलेगी फ्री बस सेवा

Knews Desk– NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने जा रहे छात्रों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि 21 जून को होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा के दिन सभी परीक्षार्थियों को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए छात्रों को केवल अपना वैध एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

दिल्ली सरकार ने यह फैसला उन छात्रों की मदद के लिए लिया है, जिन्हें परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा परीक्षा देनी पड़ रही है। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के चलते रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून को पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि परीक्षा दोबारा होने से छात्रों और उनके परिवारों पर मानसिक, आर्थिक और समय का अतिरिक्त दबाव पड़ा है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि परीक्षा के दिन उन्हें किसी भी तरह की यात्रा संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि छात्र बिना तनाव और देरी के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें, इसी उद्देश्य से मुफ्त बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

सरकार के अनुसार, परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी DTC बसों में अपना NEET-UG एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त सफर कर सकेंगे। इस पहल से हजारों छात्रों और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन छात्रों को जो परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि NEET जैसी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *