मुंबई: महंगाई का एक और झटका, CNG के दामों में बढ़ोतरी, पढ़ें नया रेट…

KNEWS DESK- मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू PNG की कीमत में 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की वृद्धि की घोषणा की है। नई दरें 30 मई की आधी रात से प्रभावी हो गई हैं।

ताजा बढ़ोतरी के बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 84 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं घरेलू PNG की नई कीमत 52 रुपये प्रति SCM निर्धारित की गई है। कंपनी का कहना है कि गैस खरीद लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया था।

इस फैसले का असर सीधे तौर पर लगभग 12 लाख CNG वाहनों पर पड़ेगा, जिनमें बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहन शामिल हैं। इसके अलावा करीब 31 लाख घरेलू PNG उपभोक्ताओं को भी अब अधिक भुगतान करना होगा।

ईंधन की कीमत बढ़ने से ऑटो और टैक्सी चालकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। विभिन्न यूनियनों ने किराये में संशोधन की मांग उठाई है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण मौजूदा किराया ढांचा व्यवहारिक नहीं रह गया है। ऑटो चालक संगठनों के अनुसार, वर्तमान फॉर्मूले के आधार पर किराये में बढ़ोतरी जरूरी हो गई है, जबकि टैक्सी यूनियनों ने भी बेस किराये में वृद्धि की मांग की है।

हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद CNG अभी भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अपेक्षाकृत सस्ता ईंधन बना हुआ है। इससे वाहन चालकों को पेट्रोल और डीजल के मुकाबले अब भी अच्छी-खासी बचत मिलती है।

गौरतलब है कि मई महीने में यह दूसरी बार है जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 13 मई को भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई थी। अप्रैल में भी कीमतों में इजाफा हुआ था। कंपनी के अनुसार वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता, भू-राजनीतिक चुनौतियां, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और रुपये की कमजोरी जैसे कारकों ने गैस खरीद लागत को प्रभावित किया है, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।

लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। आने वाले दिनों में किराया वृद्धि और महंगाई के अन्य प्रभावों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *