Knews Desk- नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा बयान दिया है। एजेंसी ने अदालत को बताया कि भविष्य में NEET परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित किया जाएगा या फिर मौजूदा पेन-एंड-पेपर टेस्ट (PPT) मोड जारी रहेगा, इस पर अंतिम फैसला री-एग्जाम के बाद लिया जाएगा।
दरअसल, NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी और अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जानी है। इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान NTA ने एक हलफनामा दाखिल किया, जिसमें परीक्षा प्रणाली में किए जा रहे बदलावों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
NTA ने बताया कि री-एग्जाम के बाद हाई-पावर्ड स्टीयरिंग कमेटी (HPSC) की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ चर्चा कर यह तय किया जाएगा कि आने वाले वर्षों में NEET परीक्षा पूरी तरह CBT मोड में कराई जाए या पेन-पेपर प्रणाली को जारी रखा जाए।
हलफनामे में यह भी कहा गया है कि परीक्षा की सुरक्षा मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV सिस्टम की अनिवार्य जांच, कम से कम 90 दिनों तक फुटेज सुरक्षित रखने और परीक्षा के बाद फॉरेंसिक विश्लेषण जैसी व्यवस्थाओं की सिफारिश की गई है। इसके अलावा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा प्रणाली को लेकर देशभर में सवाल उठे हैं। कई याचिकाओं में NEET को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित बनाने और NTA में बड़े सुधार की मांग भी की गई है। फिलहाल छात्रों और अभिभावकों की नजर 21 जून को होने वाले री-एग्जाम और उसके बाद लिए जाने वाले फैसलों पर टिकी हुई है।