Knews Desk- उत्तर प्रदेश सरकार एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को यूपी बोर्ड, CBSE, CISCE और संस्कृत शिक्षा परिषद के मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। इस विशेष समारोह में राज्यभर के कुल 223 टॉपर्स को नकद पुरस्कार, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
सरकार के अनुसार, राज्य स्तर पर चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की नकद राशि, एक टैबलेट, मेडल और सम्मान पत्र दिया जाएगा। सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपर्स के साथ-साथ CBSE, CISCE और संस्कृत बोर्ड के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सम्मानित होने वाले छात्रों में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के 115 और इंटरमीडिएट के 23 छात्र शामिल हैं। इसके अलावा CBSE के 31, CISCE के 33 और संस्कृत बोर्ड के 21 मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
सिर्फ राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिला स्तर पर भी मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां जिले के टॉप छात्रों को 21-21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए 1,459 छात्रों का चयन किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस तरह के सम्मान छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कई बार कहा है कि प्रदेश के मेधावी छात्र ही भविष्य के भारत की मजबूत नींव हैं। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सफलता को सलाम करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।