UP: हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढहा, 6 मजदूरों की मौत, मौके पर बचाव कार्य

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा शुक्रवार तड़के ढह गया। इस हादसे में कम से कम 6 मजदूर मलबे में दबकर अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कुछ अन्य मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर है।

घटना कुरारा थाना क्षेत्र के मोरकंदर परसानी से नैथी गांव के बीच बेतवा नदी पर हो रही पुल निर्माण स्थल पर हुई। पुलिस और प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी-बारिश के बीच पुल की सटरिंग, स्लैब और कोठी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कई मजदूर उसी हिस्से में आराम कर रहे थे, जिस कारण उन्हें बचने का मौका ही नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवाओं के साथ जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और तुरंत पुल का हिस्सा ढह गया। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मौके पर एसडीएम, सीओ और भारी पुलिस बल तैनात है। जिला प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद निर्माण एजेंसी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल है। मृतकों के परिजन रो-रोकर बुरा हाल कर रहे हैं। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है क्योंकि कुछ मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।यह हादसा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और खराब मौसम में काम जारी रखने को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। पुल निर्माण की जिम्मेदारी वाली एजेंसी पर भी लापरवाही का आरोप लग रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *