“खुद वापस जाओ, वरना कानून करेगा काम”… बांग्लादेशी घुसपैठियों को अमित शाह की चेतावनी

KNEWS DESK – Amit Shah ने अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में घुसे हैं, वे खुद वापस लौट जाएं, वरना उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अब अवैध घुसपैठिए खुद ही भारत छोड़कर वापस जाने लगे हैं।

अमित शाह ने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल में हर दिन घुसपैठ की खबरें आती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासन सख्त हो गया है और घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। गृह मंत्री ने कहा कि अगर अवैध घुसपैठिए स्वेच्छा से वापस लौट जाते हैं, तो उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा और उन्हें वापस भेजने में मदद भी की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पहचान अभियान शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग खुद ही वापस लौट सकते हैं। अमित शाह के मुताबिक, केंद्र सरकार और राज्य प्रशासन अब अवैध घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव के मुद्दे पर गंभीरता से काम कर रहे हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर बचे हुए फेंसिंग कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सिर्फ सात दिनों के भीतर 600 हेक्टेयर जमीन Border Security Force को सौंप दी गई। इसके अलावा ‘चिकन नेक’ इलाके की 121 हेक्टेयर भूमि भी बीएसएफ को दी गई है, ताकि सीमा सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 26 मई को ‘जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर उच्च स्तरीय समिति’ के गठन के बाद अवैध घुसपैठियों के खिलाफ अभियान और तेज हुआ है। उन्होंने दोहराया कि देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *