बकरीद 2026: ताजमहल परिसर में अदा की गई नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ, तीन घंटे तक मिला निशुल्क प्रवेश

KNEWS DESK- बकरीद 2026 के मौके पर आगरा में ऐतिहासिक ताजमहल परिसर स्थित शाही मस्जिद में गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर ताजमहल में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक तीन घंटे के लिए सभी पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में देसी और विदेशी सैलानी ताजमहल पहुंचें और सुहाने मौसम में स्मारक का दीदार किया।

बकरीद की सुबह हुई हल्की बारिश के कारण मौसम बेहद सुहाना हो गया, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली। इसी वजह से ताजमहल और आसपास के इलाकों में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई। ताजगंज क्षेत्र से नमाजी सुबह से ही ताजमहल परिसर पहुंचने लगे।

नमाजियों ने पहले ताजमहल का दीदार किया और इसके बाद शाही मस्जिद में सामूहिक नमाज अदा की। हजारों लोगों ने खुदा से देश में शांति और सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी।

ताजमहल के अलावा आगरा, फतेहपुर सीकरी और आसपास के क्षेत्रों की मस्जिदों में भी बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। फतेहपुर सीकरी की शाही जामा मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने इबादत की और अमन-चैन की दुआ मांगी। बाह क्षेत्र में ईदगाह और अन्य मस्जिदों में भी नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया।

फिरोजाबाद में ईद उल अजहा की नमाज ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म निभाई।

एटा के जैथरा क्षेत्र में भी सैकड़ों लोगों ने सामूहिक नमाज अदा कर देश में शांति और सौहार्द की कामना की। प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।

बकरीद के अवसर पर आगरा मंडल के सभी जिलों में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मस्जिदों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व सौहार्द, भाईचारे और शांति के संदेश के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *