गर्मियों की छुट्टियां कैसे बिताएं बच्चे? सीएम योगी ने लिखी पाती, दिए ये सुझाव…

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम एक पाती लिखकर उन्हें इस समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि गर्मियों की छुट्टियां केवल आराम का समय नहीं, बल्कि सीखने, समझने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर होती हैं।

सीएम योगी ने अपनी पाती में कहा कि स्कूल की व्यस्त दिनचर्या से मिली यह राहत बच्चों के लिए नई रुचियों को पहचानने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का समय है। इस दौरान वे नई चीजें सीख सकते हैं, किताबों से दोस्ती कर सकते हैं और फोटोग्राफी, चित्रकारी, संगीत, बागवानी और पाक कला जैसी गतिविधियों में अपनी रुचि विकसित कर सकते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि बच्चे अपने दादा-दादी और नाना-नानी के पास समय बिताएं। उनके अनुसार, इससे बच्चों को पारिवारिक परंपराओं, संस्कारों और जीवन के अनुभवों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा, जो आज के समय में धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को ननिहाल और ददिहाल ले जाने के अवसर बनाएं, ताकि वे परिवार के साथ मजबूत भावनात्मक जुड़ाव महसूस कर सकें।

इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को प्रकृति से जोड़ने की भी सलाह दी। सीएम योगी ने कहा कि बच्चे पौधे लगाएं, उनकी देखभाल करें और स्वच्छता बनाए रखने की आदत डालें। इससे उनमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होगी और वे मिट्टी, जल और वृक्षों के महत्व को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि इन छुट्टियों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प भी लेना चाहिए। यात्रा या पिकनिक के दौरान कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें और प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फैलाएं।

सीएम योगी ने अंत में कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं, इसलिए बच्चों को इन छुट्टियों का उपयोग सीखने, परिवार के साथ समय बिताने और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनने में करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *