पासपोर्ट जमा होना जरूरी था… ट्विशा केस में वकील का बड़ा बयान, 29 मई को होगी अगली सुनवाई

Knews Desk- भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को कोर्ट से 7 दिन की पुलिस हिरासत मिली है। इस बीच ट्विशा के परिवार के वकील अंकुर पांडे ने बताया कि आरोपी के पासपोर्ट को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया चल रही थी और अब उसके वकील ने कोर्ट में पासपोर्ट जमा कर दिया है।

अंकुर पांडे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस को समर्थ सिंह की 7 दिन की कस्टडी मिल चुकी है। इस दौरान पुलिस उससे मामले से जुड़े कई अहम सवालों पर पूछताछ करेगी। उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से आरोपी का पासपोर्ट सुरक्षित रखने को लेकर तीन अलग-अलग आवेदन भी दायर किए गए थे। इन आवेदनों पर अगली सुनवाई 29 मई को तय की गई है।

परिवार का कहना है कि उन्हें आशंका थी कि आरोपी विदेश भागने की कोशिश कर सकता है, इसलिए पासपोर्ट को सुरक्षित रखने की मांग की गई थी। अब कोर्ट में पासपोर्ट जमा होने के बाद परिवार ने इसे जांच के लिए जरूरी कदम बताया है। गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पुलिस आरोपी समर्थ सिंह से घटना वाली रात, फरारी और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

वहीं, ट्विशा के परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस केस में दूसरे पोस्टमार्टम और CBI जांच को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। अब पुलिस रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ पर सभी की नजर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *