Knews Desk – JEE Advanced 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड 11 मई 2026 को जारी किया जाएगा। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in से डाउनलोड कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड 11 मई से परीक्षा की तारीख यानी 17 मई 2026 तक डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए इसे समय पर डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। इस वर्ष JEE Advanced परीक्षा भारत के साथ-साथ कुछ विदेशी परीक्षा केंद्रों पर भी आयोजित की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को अपनी पसंद के शहर का चयन करने का विकल्प दिया गया था।

एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, आवेदन संख्या, फोटो, हस्ताक्षर, जन्मतिथि और परीक्षा श्रेणी जैसी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र का पूरा पता और रिपोर्टिंग टाइम भी दिया जाएगा।
परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं—
- एडमिट कार्ड जारी: 11 मई 2026
- JEE Advanced परीक्षा: 17 मई 2026
- प्रोविजनल आंसर-की: 25 मई 2026
- फाइनल आंसर-की और रिजल्ट: 1 जून 2026
दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। जिन उम्मीदवारों को लिखने में कठिनाई होती है, उन्हें 16 मई 2026 को राइटर (scribe) चुनने की अनुमति दी जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पारदर्शी पानी की बोतल और साधारण पेन ले जाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या कैलकुलेटर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार को परीक्षा से अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
JEE Advanced देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसके माध्यम से देश के प्रमुख भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में प्रवेश मिलता है। अब छात्रों के पास अंतिम तैयारी का समय है और एडमिट कार्ड जारी होने के साथ ही परीक्षा की तैयारियां और तेज हो जाएंगी।