Knews Desk– असम की जोरहाट विधानसभा सीट पर 2026 विधानसभा चुनाव का परिणाम सामने आ गया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई को 23,182 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है।

अंतिम परिणाम के अनुसार, हितेंद्र नाथ गोस्वामी को कुल 69,439 वोट मिले, जबकि गौरव गोगोई को 46,257 वोटों पर संतोष करना पड़ा। इस सीट पर कुल 14 राउंड की मतगणना हुई, जिसमें शुरुआत से ही बीजेपी प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे। गौरतलब है कि गौरव गोगोई पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे थे। वह तरुण गोगोई के बेटे हैं और राज्य में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वे अपनी पारिवारिक राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के दौरान शुरुआती राउंड में मुकाबला कांटे का दिखा, लेकिन जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़े, बीजेपी उम्मीदवार ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। 9वें राउंड तक गोस्वामी ने 13 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना ली थी, जो अंत तक कायम रही। इस जीत के साथ बीजेपी ने असम में अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत कर लिया है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह परिणाम बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक को हार का सामना करना पड़ा है।