फोन पर इमरजेंसी अलर्ट से मची हलचल, घबराएं नहीं… सरकार कर रही है सिस्टम का टेस्ट

KNEWS DESK- आज सुबह कई स्मार्टफोन यूजर्स उस समय हैरान रह गए जब उनके फोन अचानक तेज आवाज के साथ बज उठे और स्क्रीन पर “इमरजेंसी सीवियर अलर्ट” का मैसेज दिखाई देने लगा। कई लोगों ने इसे देखकर घबराहट में अपने फोन चेक किए, जबकि कुछ ने इसे तकनीकी गड़बड़ी या साइबर स्कैम समझ लिया।

दरअसल यह अलर्ट भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (National Disaster Management Authority) द्वारा किया गया एक आधिकारिक टेस्ट है। इसका उद्देश्य देशभर में नए वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की जांच करना है, जिसे भविष्य में आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाने के लिए तैयार किया जा रहा है।

सरकारी दूरसंचार विभाग की ओर से भेजे गए संदेश में स्पष्ट किया गया है कि भारत ने स्वदेशी तकनीक पर आधारित सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है। इस सिस्टम के जरिए नागरिकों को आपदा की स्थिति में त्वरित चेतावनी दी जाएगी। संदेश में यह भी बताया गया कि यह केवल परीक्षण अलर्ट है और इसे प्राप्त करने पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है।

यह सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम आपदा प्रबंधन के लिए एक उन्नत तकनीक है, जिसका उपयोग बाढ़, भूकंप, सुनामी, चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ गैस रिसाव, रासायनिक दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में किया जाएगा। इसके जरिए प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट भेजा जा सकता है।

इस तकनीक की खासियत यह है कि यह किसी मोबाइल नंबर पर निर्भर नहीं करती, बल्कि टावर कवरेज के आधार पर सभी स्मार्टफोन तक संदेश पहुंचाती है। इससे आपात स्थिति में तेजी से और व्यापक स्तर पर सूचना साझा करना संभव हो सकेगा।

सरकार का मानना है कि आज के समय में मोबाइल फोन सबसे प्रभावी संचार माध्यम है, इसलिए इस प्रणाली को अपनाने से आपदा प्रबंधन और भी मजबूत होगा। हालांकि, फिलहाल जो अलर्ट भेजे जा रहे हैं वे केवल परीक्षण के लिए हैं, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह सिस्टम भविष्य में देशभर में लागू किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *