‘राजा शिवाजी’ में सलमान का ‘भौकाली’ कैमियो, पहली झलक का वीडियो वायरल

KNEWS DESK – Salman Khan के फैंस लंबे समय से उनकी बड़े पर्दे पर वापसी का इंतजार कर रहे थे, और अब आखिरकार यह इंतजार खत्म हो गया है। भले ही उनकी अगली बड़ी फिल्म ‘मातृभूमि’ अभी रिलीज से दूर हो, लेकिन 1 मई को रिलीज हुई Riteish Deshmukh की ऐतिहासिक फिल्म ‘Raja Shivaji’ में उनका कैमियो पहले ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा चुका है।

फिल्म ‘राजा शिवाजी’ मराठी के साथ-साथ कई अन्य भाषाओं में भी रिलीज हुई है। रिलीज से पहले ही खबर थी कि सलमान खान इसमें एक खास कैमियो रोल निभाने वाले हैं, लेकिन मेकर्स ने उनके लुक को पूरी तरह सीक्रेट रखा था। अब फिल्म रिलीज होते ही उनका पहला लुक सामने आ गया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस फिल्म में सलमान खान ‘जिवा महाला’ के किरदार में नजर आ रहे हैं। जिवा महाला वही वीर योद्धा थे, जिन्होंने प्रतापगढ़ की ऐतिहासिक लड़ाई में Chhatrapati Shivaji Maharaj की जान बचाई थी। जब सय्यद बंडा ने शिवाजी महाराज पर हमला किया था, तब जिवा महाला ने अपनी बहादुरी से उन्हें बचाया था। इसी घटना के बाद मशहूर कहावत बनी, “था जिवा, इसलिए बच गया शिवा।”

दिलचस्प बात यह है कि यह किरदार निभाने के लिए सलमान खान ने खुद रितेश देशमुख से इच्छा जताई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रितेश के पास पहले ऐसा कोई प्लान नहीं था, लेकिन सलमान ने इस भूमिका को करने में खास दिलचस्पी दिखाई।

वायरल वीडियो में सलमान खान की एंट्री बेहद दमदार अंदाज में दिखाई गई है। हाथ में तलवार, माथे पर तिलक, बड़ी-बड़ी मूंछें और योद्धा वाला रौब उनका यह लुक फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। एंट्री सीन में वह दुश्मनों से लड़ते नजर आते हैं और एक ही वार में विरोधियों का काम तमाम कर देते हैं। इस दौरान Riteish Deshmukh भी छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में उनके साथ स्क्रीन पर दिखाई देते हैं।

वीडियो के अंत में स्क्रीन पर “जिवा महाला – शिवाजी अंगरक्षक” लिखा आता है, जिसने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार इस सीन को शेयर कर रहे हैं और सलमान की तारीफों के पुल बांध रहे हैं।

एक फैन पेज ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “कैमियो ऐसा हो कि पूरी फिल्म एक तरफ और भाई की एंट्री एक तरफ। किंग ऑफ बॉलीवुड फॉर ए रीजन।” इस पोस्ट के बाद वीडियो और तेजी से वायरल हो गया।

फैंस का कहना है कि सलमान खान की कुछ मिनटों की मौजूदगी भी पूरी फिल्म पर भारी पड़ गई। मेकर्स ने इसे एक बड़ा सरप्राइज बनाकर रखा था, लेकिन सोशल मीडिया ने रिलीज के साथ ही इस राज से पर्दा उठा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *