KNEWS DESK – West Bengal और Tamil Nadu में विधानसभा चुनाव 2026 के तहत मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर वोट डाले गए, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली, हालांकि कतार में खड़े मतदाताओं को इसके बाद भी वोट देने की अनुमति दी गई।
पश्चिम बंगाल में इस चरण के दौरान 16 जिलों में मतदान हुआ, जहां कुल 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, करीब 3.60 करोड़ मतदाताओं को मतदान का अधिकार मिला, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल रहे।
हालांकि, कुछ इलाकों से तनाव की खबरें भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद समेत कई जगहों पर All India Trinamool Congress के कार्यकर्ताओं पर मारपीट के आरोप लगे। वहीं Malda में एक पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान एक महिला की हृदय गति रुकने से मौत हो गई, जिससे स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल रहा।
दूसरी ओर, तमिलनाडु में शांतिपूर्ण तरीके से सभी 234 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। यहां करीब 5.73 करोड़ मतदाताओं को वोट डालने का मौका मिला। विशेष गहन पुनरावृति (SIR) के बाद यह पहला चुनाव था, जिसमें पहले के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में बदलाव देखा गया।
सुरक्षा के लिहाज से पश्चिम बंगाल में कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ-साथ सभी संवेदनशील बूथों पर CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई, जिससे मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने में मदद मिली।