डिजिटल डेस्क- देश के लोकतांत्रिक महापर्व के तहत आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी है। दोनों राज्यों में सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में 41.11 प्रतिशत और तमिलनाडु में 37.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो शुरुआती घंटों में मजबूत भागीदारी का संकेत देता है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिनमें केंद्रीय बलों की तैनाती, वेबकास्टिंग और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी शामिल है। वहीं तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है, जहां प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने लगाए मतदान केंद्र के अंदर न जाने देने का आरोप
हालांकि मतदान के बीच कुछ विवाद और तनाव की घटनाएं भी सामने आई हैं। नंदीग्राम में भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि उन्हें एक मतदान केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आम लोग शांति चाहते हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं चाहते। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी शांति भंग करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, मुर्शिदाबाद के नाओदा इलाके में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प की घटना सामने आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।
चुनाव आयोग ने जिम्मेदारों को दिये निर्देश
आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (DM) और जिला चुनाव अधिकारी (DEO) को निर्देश दिया है कि वे पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपें, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की हिंसा या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। राजनीतिक दृष्टि से दोनों राज्यों में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। पश्चिम बंगाल में मुख्य टक्कर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच मानी जा रही है, जबकि तमिलनाडु में प्रमुख मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच है। कई सीटों पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते चुनावी माहौल काफी गर्म बना हुआ है।