बंगाल में वोटिंग की तेज रफ्तार, सुबह 9 बजे तक 18.76% मतदान, कहीं-कहीं ईवीएम ने रोकी चाल

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को मतदान जारी है और सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 16 जिलों की 152 सीटों पर हो रहे इस मतदान में करोड़ों लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा ले रहे हैं। सुबह 9 बजे तक राज्य में कुल 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो शुरुआती घंटों में अच्छी भागीदारी का संकेत देता है। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं और करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने 44 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें 7,384 बूथों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है।

मेदिनीपुर में हुआ सर्वाधिक मतदान

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिम मेदिनीपुर में सबसे अधिक 20.51% मतदान हुआ है, जबकि बांकुड़ा में 20.20% और झाड़ग्राम में 19.94% वोटिंग दर्ज की गई। बीरभूम में 19.01%, पश्चिम बर्द्धमान में 19% और मुर्शिदाबाद में 18.88% मतदान हुआ है। वहीं पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण दिनाजपुर दोनों में 18.81% वोट पड़े हैं। दार्जीलिंग में 18.80% और कालिम्पोंग में 18.74% मतदान दर्ज किया गया है। इसके अलावा जलपाईगुड़ी में 18.50%, पुरुलिया में 17.83%, अलीपुरद्वार में 17.70%, कूचबिहार में 17.56% और उत्तर दिनाजपुर में 17.54% मतदान हुआ है। मालदा में सबसे कम 16.96% वोटिंग दर्ज की गई है। कुल मिलाकर राज्य के लगभग सभी जिलों में मतदाता सुबह से ही लाइन में लगकर वोट डालते नजर आए।

कई जगह आई तकनीकी समस्याएं

हालांकि, कुछ जगहों पर तकनीकी दिक्कतें भी सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज गर्ल्स स्कूल बूथ पर EVM में खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। इससे मतदाताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा और लोगों ने नाराजगी भी जताई। मौके पर दूसरी मशीन उपलब्ध न होने से स्थिति कुछ समय के लिए प्रभावित रही, हालांकि बाद में समस्या को ठीक कर मतदान फिर शुरू कराया गया। इस बार चुनाव में कई खास पहल भी देखने को मिल रही हैं। करीब 5,444 बूथों का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि 207 मॉडल बूथ बनाए गए हैं, जहां मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा लगभग 3,000 सहायक बूथ भी बनाए गए हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और मतदान प्रक्रिया सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *