KNEWS DESK- IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की शानदार वापसी के बीच टीम की कप्तानी को लेकर नई बहस छिड़ गई है। टीम ने हाल के मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 में जगह बना ली है, और इस सफलता का श्रेय काफी हद तक युवा कप्तान ईशान किशन को दिया जा रहा है।
ईशान किशन की कप्तानी में हैदराबाद ने अब तक 7 में से 4 मुकाबले जीते हैं, जिसमें से लगातार 3 जीत हाल के मैचों में आई हैं। टीम की लय और आत्मविश्वास साफ तौर पर नजर आ रहा है, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि नियमित कप्तान पैट कमिंस की वापसी के बाद नेतृत्व किसके हाथ में रहेगा।
इसी मुद्दे पर पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कमेंट्री के दौरान कहा कि मौजूदा फॉर्म और टीम के प्रदर्शन को देखते हुए ईशान किशन को ही कप्तान बनाए रखना चाहिए। हरभजन का मानना है कि जब टीम जीत की लय में है, तो कप्तानी बदलना सही फैसला नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भले ही पैट कमिंस ने पहले टीम को खिताब जिताया हो, लेकिन मौजूदा हालात में युवा नेतृत्व को मौका देना ज्यादा बेहतर होगा। हरभजन ने टीम मैनेजमेंट की उस सोच का भी समर्थन किया, जिसमें युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
दरअसल, पैट कमिंस चोट के कारण IPL 2026 के शुरुआती मुकाबलों से बाहर थे, जिसके चलते ईशान किशन को कप्तानी सौंपी गई थी। अब खबर है कि कमिंस 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से वापसी कर सकते हैं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट जीत के इस मोमेंटम को बनाए रखने के लिए ईशान किशन पर भरोसा जारी रखेगा या फिर अनुभवी कमिंस को दोबारा कप्तानी सौंपेगा। आने वाले मैचों में यह फैसला टीम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।