दिल्लीः UPSC की तैयारी कर रही IRS की बेटी की गला घोंटकर हत्या, रेप की भी जताई जा रही आशंका

डिजिटल डेस्क- दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कैलाश हिल्स क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। मृतका एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी बताई जा रही है, जो 1997 बैच के IRS (कस्टम) अधिकारी हैं। युवती ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी। परिवार के अनुसार, वह पढ़ाई में बेहद होनहार थी और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही थी।

जिम के लिए घर से बाहर गए हुए थे माता-पिता, तभी घर में घुसे अज्ञात युवक

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह वारदात उस समय हुई जब युवती के माता-पिता सुबह जिम के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में घुसकर अज्ञात आरोपी ने युवती पर हमला किया और तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना का पता तब चला जब परिजन लौटे और घर का दरवाजा अंदर से बंद नहीं मिला। जांच में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि इस हत्याकांड के पीछे घर का पूर्व नौकर हो सकता है। पुलिस को शक है कि कुछ महीने पहले नौकरी से निकाले गए एक व्यक्ति ने बदले की भावना से इस अपराध को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध नौकर राजस्थान का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं, जिससे केस की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में इस तरह की वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं, जिसमें हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका भी शामिल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *