डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दंतान इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अजीत कुमार जाना पर कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उम्मीदवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूटने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह हरिपुर से दंतान तक भाजपा उम्मीदवार अजीत कुमार जाना के समर्थन में एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यह रैली सबरा से मोहनपुर की ओर बढ़ते हुए अंताला इलाके में पहुंची, तभी अचानक कुछ लोगों के समूह ने उस पर हमला कर दिया। भाजपा का आरोप है कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे और उन्होंने लाठियों व धारदार हथियारों से हमला किया।
उपद्रवियों ने कार और मोटरसाइकिलों में की तोड़फोड़
हमले में अजीत कुमार जाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका हाथ टूट गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत मिदनापुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी इस हिंसा में घायल हुए हैं। कुछ घायलों को मोहनपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के दौरान उपद्रवियों ने भाजपा उम्मीदवार की कार और कई मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की। इससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हमले की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक गुस्से में आ गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एग्रा-सोलपट्टा राज्य राजमार्ग को किया जाम
प्रदर्शनकारियों ने मोहनपुर पुलिस स्टेशन के सामने एग्रा-सोलपट्टा राज्य राजमार्ग को जाम कर दिया। यह जाम काफी देर तक जारी रहा, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा ने इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव में हार की आशंका से घबराकर टीएमसी कार्यकर्ता हिंसा का सहारा ले रहे हैं और मतदाताओं में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और खुद को निर्दोष बताया है।