डिजिटल डेस्क- पूर्वी दिल्ली के आचार्य निकेतन इलाके में घटिया क्वालिटी के मोमोज खाने से कई बच्चों सहित 10 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। बीमार लोगों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, पटपड़गंज स्थित आचार्य निकेतन में “आनंद फास्ट फूड” नाम की दुकान पर शनिवार को बड़ी संख्या में लोग मोमोज खाने पहुंचे थे। मोमोज खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और उनके परिजनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तुरंत उन्हें पास के कुकरेजा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश लोगों को छुट्टी दे दी। हालांकि, एक बच्चे की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे मैक्स हॉस्पिटल रेफर करना पड़ा।
घटना के बाद दुकानदार हुआ फरार
घटना के बाद दुकान संचालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई दुकानों पर इस तरह की घटिया गुणवत्ता का खाना बेचा जा रहा है, लेकिन जांच और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है। सूचना मिलते ही क्षेत्र की निगम पार्षद रेनू चौधरी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने तुरंत पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को तलब किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकान में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाई। इसके बाद मौके पर मौजूद सभी खाने-पीने की चीजों को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
एमसीडी ने खाली कराई दुकान, जांच की शुरू
एमसीडी ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए दुकान को खाली करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन आगे की कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। निगम पार्षद रेनू चौधरी ने बताया कि दुकान किराए पर संचालित हो रही थी, इसलिए उसे तुरंत खाली कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।