KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गौर चौक के पास एक बाजार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया।
यह घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के गौर चौक गोल चक्कर के पास हुई, जहां अचानक आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग घबरा गए। देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित किया गया है ताकि आग और न फैले। घटना के बाद बाजार में मौजूद दुकानों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकानों से धुआं और आग की लपटें बाहर आने लगीं। कई लोग अपने सामान को बचाने के लिए दौड़ते नजर आए, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अधिकतर सामान जलकर राख हो गया।
फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।