अश्वगंधा की पत्तियों पर रोक, FSSAI ने खाद्य सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी की जारी

Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा को लेकर एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार अब किसी भी फूड प्रोडक्ट, सप्लीमेंट या न्यूट्रास्यूटिकल में अश्वगंधा (Withania somnifera) की पत्तियों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।

FSSAI के मुताबिक मौजूदा नियमों के तहत केवल अश्वगंधा की जड़ और उसके एक्सट्रैक्ट को ही खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल करने की अनुमति है। हालांकि हाल ही में कुछ कंपनियों द्वारा इसकी पत्तियों के उपयोग की जानकारी सामने आने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है। यह निर्णय उपभोक्ताओं की सुरक्षा और मानकों के सही पालन को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।

FSSAI ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि अश्वगंधा की पत्तियों का किसी भी रूप में, चाहे वह कच्चा हो या एक्सट्रैक्ट, खाद्य उत्पादों में उपयोग करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। इस संबंध में सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को सख्त चेतावनी जारी की गई है कि यदि कोई भी इस नियम का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस नियम को सख्ती से लागू कराएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। FSSAI ने दोहराया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और यह कदम बाजार में उपलब्ध अश्वगंधा आधारित उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

बढ़ती मांग के बीच कुछ कंपनियों ने नियमों की अनदेखी

पिछले कुछ समय में अश्वगंधा से बने उत्पादों जैसे हर्बल चाय, प्रोटीन पाउडर, न्यूट्रिशन ड्रिंक और अन्य वेलनेस सप्लीमेंट्स की मांग में तेजी देखी गई है। इसी बढ़ती लोकप्रियता के बीच कुछ कंपनियों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए अश्वगंधा की पत्तियों और उनके अर्क का उपयोग किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के खिलाफ माना जा रहा है।

इसी मुद्दे को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने भी सख्त रुख अपनाया है और आयुर्वेदिक दवा व वेलनेस उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अश्वगंधा की पत्तियों का उपयोग न करें। इन कदमों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बाजार में उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता व विश्वसनीयता बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *