लखनऊः अस्पताल की चौथी मंजिल से संदिग्ध अवस्था में गिरी विवाहिता, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में एक निजी अस्पताल से सामने आई घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां इलाज के लिए भर्ती एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए करीब सात घंटे तक जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय सीता दीक्षित के रूप में हुई है, जो बंथरा के किशुनपुर कौड़िया गांव की रहने वाली थीं। उनके पति अक्षत दीक्षित, जो रोडवेज में संविदा बस चालक हैं, के मुताबिक सीता का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था और उनका इलाज जुनाबगंज स्थित प्रसाद अस्पताल में चल रहा था।

नींद खुलने पर बेड पर नहीं थी पत्नी, बाहर मिली बेसुध

रविवार दोपहर सीता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम करीब 4 बजे उन्होंने खुद फोन कर पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अक्षत अस्पताल पहुंचे और रात में वहीं रुक गए। उन्होंने बताया कि सीता चौथी मंजिल पर जनरल वार्ड में भर्ती थीं। अक्षत के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे उनकी आंख लग गई। जब सुबह 6 बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि सीता अपने बेड पर नहीं थीं। तलाश करने पर वह वार्ड के बाहर जीने के पास जमीन पर बेसुध पड़ी मिलीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल कर रहा है आत्महत्या का दावा

अस्पताल प्रशासन का दावा है कि सीता ने आत्महत्या की है, लेकिन परिजनों को इस पर यकीन नहीं है। उनका कहना है कि घटना कई संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। परिजनों ने कुछ अहम सवाल भी उठाए हैं सीसीटीवी फुटेज में सीता सुबह 4 बजे वार्ड से बाहर निकलती दिख रही हैं, लेकिन गिरते हुए नहीं दिखाई देतीं। इसके अलावा, अगर वह चौथी मंजिल से गिरीं, तो मौके पर खून के निशान क्यों नहीं मिले? क्या सबूत मिटाने की कोशिश की गई? परिजनों का यह भी कहना है कि सीता के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान नहीं थे, जो इतनी ऊंचाई से गिरने पर सामान्यतः देखने को मिलते हैं। इन सवालों ने मामले को और उलझा दिया है।

गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में किया हंगामा

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। इस मामले में राणा राजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, सीता के भाई नीरज तिवारी की तहरीर पर बंथरा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल स्टाफ से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों को शामिल किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *