नोएडाः दो स्कूली बसों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत, 12 से ज्यादा बच्चे घायल, चालक की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क- ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। रूपवास गांव के पास आमका रोड पर तेज रफ्तार दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए, जबकि एक बस चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 7 बजे उस समय हुआ जब बच्चे स्कूल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रामाज्ञा स्कूल की एक बस तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सामने से आ रही जीसस मैरी स्कूल की बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

एक बस में 25 बच्चे तो दूसरी बस खाली बताई जा रही

घटना के समय जीसस मैरी स्कूल की बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस खाली बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं बस चालक को काफी मशक्कत के बाद बस से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, चालक के सिर में गहरी चोट आई है और उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

घायल बच्चों का इलाज जारी

डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अधिकांश बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ बच्चों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगी हैं, जिनका इलाज जारी है। एहतियात के तौर पर कुछ बच्चों को निगरानी में रखा गया है। जैसे ही हादसे की खबर बच्चों के परिजनों तक पहुंची, वे घबराकर अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जहां अभिभावक अपने बच्चों की स्थिति जानने के लिए परेशान नजर आए। घायल बच्चों में अभिषेक शुक्ला, मेघना शुक्ला, प्रज्ञा शुक्ला, जानवी शुक्ला, पीहू मित्तल और अनआयशा समेत कई अन्य शामिल हैं। वहीं, पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के मुताबिक, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *