संसद भवन परिसर में मिले पीएम मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी , फुले जयंती पर एकसाथ दिखे दोनों दिग्गज

डिजिटल डेस्क- देश की राजनीति में जहां एक ओर चुनावी माहौल के चलते सियासी बयानबाजी अपने चरम पर है, वहीं दूसरी ओर शनिवार सुबह संसद परिसर से एक अलग ही तस्वीर सामने आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आमने-सामने आए और दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से मुलाकात हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया, जिसका जवाब पीएम मोदी ने भी उसी अंदाज में दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक बातचीत भी होती रही। यह खास मौका था महान समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती का, जिसके उपलक्ष्य में संसद परिसर स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता और सांसद शामिल हुए।

पीएम मोदी ने पुष्पाजंलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह-सुबह कार्यक्रम में पहुंचकर ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह समेत कई अन्य सियासी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि फुले का जीवन समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी देश को प्रेरित करते हैं और समाज को सही दिशा दिखाते हैं।

11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था जन्म

ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई। खासकर महिला शिक्षा और दलितों के अधिकारों के लिए उन्होंने जो काम किया, वह भारतीय समाज में एक क्रांतिकारी बदलाव लेकर आया। उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर उन्होंने देश में शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *