राम का किरदार निभाने से घबराए थे रणबीर कपूर, नमित मल्होत्रा के विजन ने बदला फैसला

KNEWS DESK – मेगा बजट फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। जब से इस फिल्म की घोषणा हुई है, तब से इसकी स्टारकास्ट, भव्यता और बजट लगातार चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जो इसे बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी में हैं।

हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर सामने आया, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आए। उनके इस लुक ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। इसी बीच, एक्टर ने इस रोल से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है।

रणबीर कपूर ने बताया कि जब उन्हें भगवान राम का किरदार ऑफर किया गया था, तो उन्होंने शुरुआत में इसे करने से मना कर दिया था। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इस भूमिका की जिम्मेदारी से डर लग रहा था और उन्हें लगा कि वो इस किरदार के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।

एक्टर के मुताबिक, फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सबसे पहले उन्हें इस प्रोजेक्ट के बारे में बताया था, लेकिन उस समय कोई स्क्रिप्ट शेयर नहीं की गई थी। बाद में जब उन्हें फिल्म का विजन समझाया गया और उनकी मुलाकात डायरेक्टर नितेश तिवारी से हुई, तब उन्होंने कहानी सुनी और इस रोल के लिए हामी भर दी।

रणबीर कपूर ने यह भी कहा कि उन्हें आज भी यकीन नहीं होता कि वो भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे बड़ा और अहम मौका बताया।

फिल्म की शूटिंग को लेकर उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि शूटिंग शुरू होने से करीब एक साल पहले तक वो काफी घबराए हुए थे। हालांकि, जैसे-जैसे शूटिंग का समय करीब आया, उनकी घबराहट कम होती गई और उन्होंने खुद को इस अवसर के लिए भाग्यशाली महसूस किया।

दो पार्ट्स में बन रही रामायण इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने की तैयारी में है। फिल्म में हिंदी और साउथ सिनेमा के कई बड़े कलाकार नजर आएंगे, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *