KNEWS DESK- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को राज्य के दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री कई नई योजनाओं की सौगात देंगे और राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी का उत्तराखंड के साथ गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत लगाव है।
यह प्रधानमंत्री का पांच महीने बाद राज्य में दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 9 नवंबर 2025 को वे राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में पहुंचे थे। उस अवसर पर उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। साथ ही उन्होंने विकसित उत्तराखंड के लिए “वेडिंग डेस्टिनेशन” और “एक जिला एक मेला” जैसी योजनाओं की भी रूपरेखा प्रस्तुत की थी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे से जनता में उत्साह है और इस अवसर पर देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे समेत अन्य प्रमुख विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पीएम मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सीमांत और दूरदराज के गांवों का दौरा किया और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। इनमें चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी जिले के मुखवा और पिथौरागढ़ के आदि कैलाश शामिल हैं।
इस दौरे से राज्य के विकास को गति मिलने की उम्मीद है और जनता की योजनाओं और विकास से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।