KNEWS DESK – टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस आरती सिंह, जो अपनी सादगी और बेबाक अंदाज़ के लिए पहचानी जाती हैं, हाल ही में अपने बचपन के एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाले अनुभव को साझा कर सुर्खियों में आ गई हैं। गोविंदा की भांजी आरती ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि कम उम्र में उन्होंने एक ऐसे खौफनाक हादसे का सामना किया, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था।

बचपन की वो डरावनी रात
एक इंटरव्यू में आरती सिंह ने बताया कि जब वह महज 12-13 साल की थीं, तब उनके घर में काम करने वाला एक नौकर उनके कमरे में घुस आया और उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। उस वक्त वह सो रही थीं और अचानक इस स्थिति से सामना होने पर बुरी तरह घबरा गईं।

आरती ने बताया कि खुद को बचाने के लिए उन्होंने उस शख्स से हाथ जोड़कर गुहार लगाई—“तू तो भाई है ना…”। लेकिन जब हालात बिगड़ते दिखे, तो उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। हैरानी की बात ये रही कि इतनी ऊंचाई से कूदने के बावजूद उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
“मैं मर जाना चाहती थी…”
इस घटना को याद करते हुए आरती ने बताया कि उस वक्त वह इतनी डरी हुई थीं कि उनके मन में जीने की इच्छा तक खत्म हो गई थी। लेकिन समय के साथ उन्होंने खुद को संभाला और जिंदगी में आगे बढ़ीं।

पहले भी कर चुकी हैं जिक्र
ये पहली बार नहीं है जब आरती ने इस दर्दनाक घटना को साझा किया हो। इससे पहले वह बिग बॉस 13 में भी इस हादसे का जिक्र कर चुकी हैं, जब दीपिका पादुकोण और लक्ष्मी अग्रवाल शो में मेहमान बनकर आई थीं। उस दौरान भी उन्होंने बताया था कि इस घटना को याद करते हुए आज भी वह कांप उठती हैं।
करियर और पर्सनल लाइफ
आरती सिंह ने टीवी के कई लोकप्रिय शोज जैसे “मायका”, “देवों के देव महादेव”, “उतरन” और “उड़ान” में काम किया है और अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, बिजनेसमैन दीपक चौहान से शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली है।
फिलहाल आरती सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपने फैंस के साथ अपनी लाइफ के खास पलों को साझा करती रहती हैं।