डिजिटल डेस्क- सदस्यता की शपथ लेने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह 9 अप्रैल को दिल्ली पहुंचेंगे और राज्यसभा के सभापति के चैंबर में शपथ ग्रहण करेंगे। इस घटनाक्रम के बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार पटना लौटेंगे और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होने के साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हाल ही में नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद से ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि वह कोई बड़ा राजनीतिक कदम उठाने वाले हैं। गौरतलब है कि वह 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं और पिछले करीब 20 वर्षों से बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री के रूप में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं।
संसद में निर्वाचित होने पर 14 दिनों के अंदर विधानमंडल से छोड़नी पड़ती है सदस्यता
नियमों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति राज्यसभा के लिए निर्वाचित होता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर अपनी विधानसभा या परिषद की सदस्यता छोड़नी होती है। ऐसा न करने पर उसकी राज्यसभा सदस्यता समाप्त हो सकती है। इसी कारण नीतीश कुमार ने पहले ही अपनी परिषद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस पर सस्पेंस बना हुआ है। जेडीयू नेताओं का कहना है कि अगला मुख्यमंत्री ऐसा होना चाहिए जो नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा सके और उनकी कार्यशैली को बनाए रखे। साथ ही पार्टी के भीतर संतुलन बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती होगी।
सीएम पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम प्रमुखता से
राजनीतिक गलियारों में सम्राट चौधरी का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। खुद नीतीश कुमार कई मंचों से उन्हें अपना संभावित उत्तराधिकारी बता चुके हैं। समृद्धि यात्रा के दौरान भी उन्होंने सम्राट चौधरी को आगे बढ़ाने के संकेत दिए थे। हालांकि, अंतिम फैसला गठबंधन की रणनीति और भारतीय जनता पार्टी के रुख पर निर्भर करेगा। इस पूरे घटनाक्रम में यह भी महत्वपूर्ण है कि नई सरकार के गठन के साथ मंत्रिमंडल के स्वरूप में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।