“असम में राहुल गांधी का हमला, बोले- ये चुनाव जुबिन गर्ग की मोहब्बत बनाम हिमंत सरमा की नफरत का’

शिव शंकर सविता- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को असम के बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने इस चुनाव को दो विचारधाराओं की लड़ाई बताते हुए मशहूर गायक जुबिन गर्ग का उदाहरण दिया। राहुल गांधी ने कहा कि जुबिन गर्ग जैसे लोग असम की असली पहचान हैं, जो एकता, भाईचारे और सम्मान की बात करते हैं। उन्होंने कहा, “जुबिन गर्ग जी ने हमेशा लोगों को जोड़ने का काम किया। उनके पास जो भी गया, वह खुशी लेकर लौटा। उनकी सोच प्रेम और भाईचारे की है, जो हिमंत बिस्वा सरमा की विचारधारा के बिल्कुल विपरीत है।” कांग्रेस नेता ने स्पष्ट तौर पर कहा कि असम का यह चुनाव सिर्फ राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि विचारों की लड़ाई है। “एक तरफ मोहब्बत, एकता और सम्मान है, जबकि दूसरी तरफ नफरत, हिंसा और अहंकार है। जनता को तय करना है कि वे किस रास्ते को चुनना चाहते हैं,”।

देश के सबसे भ्रष्ट सीएम बिस्वा सरमा

रैली के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी रतन इंगती के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है, तो वह गरीबों और आम लोगों के हित में काम करेगी। उन्होंने कहा, “हम ऐसी सरकार बनाएंगे जो असम के लोगों के लिए काम करेगी और असम को असम से ही चलाया जाएगा।” इस दौरान राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कई लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा ने जिसके साथ भी काम किया, अंत में उसे धोखा दिया। आज वे देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों में से एक हैं।”

पीएम लैंड एटीएम चला रहे हैं- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर असम में “लैंड एटीएम” चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को सौंपी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। अपने भाषण में राहुल गांधी ने असम की सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने शंकर देव, ज्योति प्रसाद अग्रवाल, भूपेन हजारिका और तरुण गोगोई जैसे महान व्यक्तित्वों को याद करते हुए कहा कि इन सभी ने लोगों को जोड़ने और प्रेम फैलाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *