KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के पांचवें मुकाबले में Delhi Capitals ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Lucknow Super Giants को एकतरफा अंदाज में हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने 142 रनों का लक्ष्य बड़ी आसानी से हासिल कर लिया और LSG के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा। खास बात यह रही कि दिल्ली ने लखनऊ के खिलाफ लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और 2023 के बाद से एक भी मुकाबला नहीं गंवाया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला दिल्ली के कप्तान Axar Patel के लिए बिल्कुल सही साबित हुआ। लखनऊ की टीम 18.4 ओवर में सिर्फ 141 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से Abdul Samad (36 रन) और Mitchell Marsh (35 रन) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
दिल्ली की गेंदबाजी में Lungi Ngidi और T Natarajan ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं Kuldeep Yadav ने दो विकेट लेकर लखनऊ को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका, जबकि अक्षर पटेल को भी एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर Mohammed Shami ने KL Rahul को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद Nitish Rana (15), Pathum Nissanka (1) और अक्षर पटेल (0) भी जल्दी आउट हो गए। महज 4.3 ओवर में 26 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद मैच पूरी तरह लखनऊ की पकड़ में नजर आ रहा था।ऐसे मुश्किल वक्त में युवा बल्लेबाज Sameer Rizvi ने शानदार जिम्मेदारी निभाई। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतरे रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट भी 148.93 का रहा।रिजवी को Tristan Stubbs (39*) का अच्छा साथ मिला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई। इस शानदार साझेदारी की बदौलत दिल्ली ने 17.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत के साथ अपने अभियान की दमदार शुरुआत की।