चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका, दहशत के बीच पुलिस ने खंगाले CCTV फुटेज

KNEWS DESK – चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर बुधवार शाम हुए धमाके ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी में हुए इस विस्फोट को भले ही कम तीव्रता का बताया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुट गई हैं।

स्कूटी में धमाका, दहशत का माहौल

घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब बीजेपी दफ्तर के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक धमाका हुआ। इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।

बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम तैनात

एहतियात के तौर पर बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। फिलहाल किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि धमाके में इस्तेमाल हुई स्कूटी किसकी थी और उसे वहां किसने पार्क किया था। फॉरेंसिक टीम मौके से सैंपल इकट्ठा कर रही है, जिससे विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके।

क्रूड बम होने की आशंका

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह क्रूड बम से किया गया हमला प्रतीत हो रहा है, जिसमें गन पाउडर का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। वहीं CCTV फुटेज में दो संदिग्ध बाइक सवार युवकों को इलाके में आते-जाते देखा गया है, जिनकी तलाश जारी है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता विनीत जोशी ने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर इस तरह का विस्फोट होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि धमाके से पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *