गुजरात को 20 हजार करोड़ की सौगात: पीएम मोदी ने दी बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत, कांग्रेस पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात को बड़ी सौगात देते हुए करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और ऊर्जा क्षेत्र को लेकर कई अहम बातें कहीं, साथ ही कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर गुजरात के वाव-थराद और बनासकांठा क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि इस इलाके से उनका विशेष लगाव रहा है और मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने यहां विकास कार्यों को मिशन मोड में आगे बढ़ाया।

डीसा एयरबेस को सुरक्षा की दृष्टि से बताया महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री ने डीसा एयरबेस का जिक्र करते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार उनका विमान सीधे डीसा एयरबेस पर उतरा, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 130 किलोमीटर दूर है। पीएम मोदी ने कहा कि इस एयरबेस की योजना उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में ही शुरू हो गई थी, लेकिन उस समय केंद्र में बैठी सरकार ने इसे वर्षों तक फाइलों में दबाकर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में उस समय की सरकार को गुजरात से “नफरत” थी, जिसके कारण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी आगे नहीं बढ़ सका। पीएम मोदी ने कहा कि जब जनता ने उन्हें दिल्ली भेजा, तब उन्होंने इस प्रोजेक्ट को गति दी और आज इसका परिणाम देश के सामने है। राजनीतिक मोर्चे पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने की राजनीति कर रही है और विकास में बाधा डालती रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के समय भी विपक्ष केवल राजनीति में लगा हुआ है और “गिद्धों की तरह” मौके का इंतजार करता है।

गुजरात विकास मॉडल का किया जिक्र

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में गुजरात के विकास मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया गया है और हाई-स्पीड हाईवे के साथ-साथ वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय उत्तर गुजरात सूखा और अकाल के लिए जाना जाता था। लोगों को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने इसे विकास और सतत प्रयासों का परिणाम बताया। ऊर्जा क्षेत्र पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात आने वाले समय में रिन्यूएबल एनर्जी का वैश्विक केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि साल 2010 में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सारंगपुर में देश के पहले सोलर पार्क की शुरुआत की थी, जिसने देश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नई दिशा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *