डिजिटल डेस्क- भारत के पूर्व टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस ने अब राजनीति की पिच पर कदम रख दिया है। उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और पार्टी नेता सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर लिएंडर पेस ने हाथ जोड़कर सभी नेताओं का धन्यवाद किया और अपनी नई पारी को लेकर उत्साह जताया। कार्यक्रम के दौरान किरण रिजिजू ने उन्हें सदस्यता पर्ची और फूलों का बुके देकर पार्टी में स्वागत किया। पेस के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, मानो उन्होंने अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू किया हो।
बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात करने के बाद से भाजपा में शामिल होने की हो रही थी चर्चाएं
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लिएंडर पेस का बीजेपी में शामिल होना पार्टी के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। बंगाल में पेस की लोकप्रियता और उनका बड़ा फैन बेस बीजेपी को चुनाव में फायदा पहुंचा सकता है। खासतौर पर शहरी और युवा मतदाताओं के बीच उनकी छवि पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में मददगार साबित हो सकती है। गौरतलब है कि पेस ने हाल ही में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान पार्टी से जुड़ने को लेकर चर्चा हुई थी, जिसके बाद अब उन्होंने औपचारिक रूप से बीजेपी जॉइन कर ली है। उस समय उनके साथ सौमिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे।
यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है- लिएंडर पेस
बीजेपी में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने कहा, “यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। मैं नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन का धन्यवाद करता हूं। पार्टी ने मुझे देश और युवाओं की सेवा करने का जो अवसर दिया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। यह सदस्यता पर्ची मेरे लिए सिर्फ एक कागज नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है।” उन्होंने आगे कहा कि वह देश के युवाओं को प्रेरित करने और समाज के लिए सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम करना चाहते हैं। पेस का मानना है कि खेल और राजनीति दोनों में अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क बेहद जरूरी होते हैं, और वह इन्हीं मूल्यों के साथ आगे बढ़ेंगे।