बिहारः नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, 10 से अधिक घायल, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

डिजिटल डेस्क- बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, हर मंगलवार की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके चलते हालात धीरे-धीरे बेकाबू हो गए।

पूजा के दौरान धक्का-मुक्की के बाद मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूजा के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो देखते ही देखते भगदड़ में बदल गई। लोग बाहर निकलने के लिए एक-दूसरे को धक्का देने लगे और कई लोग जमीन पर गिर पड़े। इस अफरा-तफरी में कुछ श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए। बताया जा रहा है कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत नालंदा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को लिया नियंत्रण में

हादसे के बाद प्रशासन ने मंदिर परिसर को खाली करा लिया है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हादसे के पीछे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही एक बड़ी वजह हो सकती है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हर मंगलवार को यहां भारी भीड़ जुटती है, इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और व्यवस्थाएं नहीं की जातीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *