कानपुर में 100 साल पुराना जर्जर मकान ढहा, चार लोग मलबे में दबे

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के कानपुर के बेकनगंज इलाके में सोमवार रात एक 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के भूतल में एक चाय की दुकान और मोबाइल की दुकान में कई लोग मौजूद थे। मलबा गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बजरिया पुलिस थाने को सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस हादसे में दुकान चलाने वाला मंजूर, दुकान में काम करने वाला सलीम और आसपास खड़े तारिक, रियाज अहमद और दिलशाद समेत अन्य लोग मलबे में दब गए। राहत और बचाव टीम ने अब तक चार लोगों को मलबे से बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार यह मकान करीब 100 साल पुराना था और काफी जर्जर स्थिति में था। सोमवार रात करीब दस बजे मकान का थोड़ा मलबा गिरना शुरू हुआ। कुछ लोग वहां से भाग गए, लेकिन कुछ ने इसे नजरअंदाज कर दिया। तभी मकान का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया।

यह मकान 20 साल पहले बेकनगंज निवासी अयूब ने खरीदा था। मकान में मंजूर किराए पर रहता था और नीचे चाय की दुकान चलाता था। घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और लोगों में डर का माहौल बन गया।

पुलिस ने मलबे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी और राहत कार्य में पूरी सतर्कता बरती। सौ साल पुराने मकान के गिरने से बड़े हादसे का खतरा था, लेकिन समय पर रेस्क्यू करने से जानमाल का बड़ा नुकसान टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *