KNEWS DESK- राजधानी लखनऊ में लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही, बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाले ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस भी कार्यकत्रियों को दिए गए।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर नजर रखना और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं को तेजी से लागू करना है। इन उपकरणों की मदद से बच्चों का डेटा रियलटाइम में रिकॉर्ड किया जा सकेगा और स्वास्थ्य संबंधी निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा, “मैं विभाग से कह रहा था कि हर आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पास स्मार्टफोन होना चाहिए। हमारी महिला कार्यकत्री जो मेहनत करती हैं, उसका रियलटाइम डाटा हमें समय पर नहीं मिल पाता। इसके कारण डाटा अपलोड न होने की स्थिति में हमारी रैंकिंग कम रहती है। इसलिए सभी को स्मार्टफोन देना आवश्यक है।”
स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस के वितरण से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का काम आसान होगा और बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण की बेहतर निगरानी सुनिश्चित होगी। यह कदम राज्य में बाल विकास और पोषण योजनाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।